
जापान में चल रहे ‘टोक्यो ओलपिंक’ में भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने चीन के आठवें दर्ज़े की अधिमान्यता प्राप्त विंग जियाओ को सीधे मुकाबले में 21-13, 21-15 से हरा कर कांस्य पदक पर अपना नाम अंकित कर लिया है।
इस विजय के साथ ही पीवी सिंधु भारत की पहली महिला खिलाड़ी बनी हैं जिन्होंने निरंतर 2 ओलंपिक खेलों में भारत के लिए पदक अर्जित किया है। पीवी सिंधु ने रियो ओलंपिक में भारत के लिए रजत पदक जीता था।’टोक्यो ओलपिंक’ में भारत के नाम यह दूसरा पदक है। पहला रजत पदक मीराबाई चानू द्वारा वेटलिफ्टिंग में अपने नाम किया गया था।
‘टोक्यो ओलपिंक’ में सिंधु की इस विजय पर राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए मुबारकबाद दी। मोदीजी ने ट्वीट करते हुए कहा कि “पीवी सिंधु की ओर से शानदार प्रदर्शन से हम सभी उत्साहित हैं। कांस्य पदक जीतने पर उन्हें बधाई। वे भारत का गौरव हैं और हमारे सबसे उत्कृष्ट ओलंपियनों में से एक हैं।”
राष्ट्रपति ने भी ट्वीट करते हुए कहा कि “पीवी सिंधु दो ओलंपिक खेलों में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। उन्होंने निरंतरता, समर्पण और उत्कृष्टता का एक नया पैमाना स्थापित किया है। भारत को गौरवान्वित करने के लिए उन्हें मेरी तरफ से हार्दिक बधाई।”
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा बधाई संदेश में कहा गया कि ”पीवी सिंधु जी ने जो कमाल किया है उसके लिए बहुत बहुत बधाई और शुभकामनाएं। उन्होंने देश के लिए बार-बार मेडल जीते हैं। उनका प्रदर्शन शानदार रहा है।”